रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर का प्रतीकात्मक नामकरण करते हुए इसे “महतारी वंदन वसूली योजना” बताया। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत ₹1000 देने के बाद उसकी कई गुना वसूली बिजली बिलों के माध्यम से कर रही है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि आम लोगों की आय सीमित होती है और वे उसी के अनुसार घर का बजट बनाते हैं। ऐसे में यदि पहले ₹1000-1500 आने वाला बिजली बिल कई गुना बढ़कर ₹5000-7000 तक पहुंच जाए तो परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ जाती है और लोगों को कर्ज लेने तक की नौबत आ जाती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के खिलाफ लगातार आंदोलन कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों की सहमति से स्मार्ट मीटर हटाने के लिए आवेदन भी भरवा रहे हैं।
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
उपाध्याय ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन में सरप्लस राज्य होने के बावजूद जनता को महंगी बिजली का बोझ उठाना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि स्मार्ट मीटर के जरिए जनता से अधिक वसूली की जा रही है और इसका लाभ निजी कंपनियों को पहुंचाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता से वसूले गए धन का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों और पार्टी विस्तार में कर रही है।
स्मार्ट मीटर से बढ़ीं समस्याएं: कांग्रेस
पूर्व विधायक ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को अनाप-शनाप बिजली बिल, लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि पहले बिजली बिल हाफ योजना के तहत मिलने वाली राहत समाप्त कर दी गई, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है।
कांग्रेस सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिजली बिल हाफ योजना के कारण लोगों को बड़ी राहत मिली थी और लाखों रुपये की बचत हुई थी। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन का समर्थन करने की अपील की।
इस विरोध प्रदर्शन में प्रमोद चौबे, प्रकाश जगत, अशोक ठाकुर, मनोज पटनायक, दिनेश मिश्रा, रवि विभार, दिलीप नाग, रिजवान मोहम्मद, आजाद वर्मा, विद्या बाग, मीत गोपाल, नवीन मोगराज, चंदन बारीक, रेहान, पिंकी नायक, पीयूष इंगले, ईशान, दिव्यांश शर्मा, देवेंद्र साहू, संतोषी नाग, शंकर सोना, दीपक कठोड़, दीप मोगराज सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




