रायपुर। 15 अगस्त की छुट्टी के बाद रविवार को घूमने का प्लान बना रहे हैं तो मौसम का मिजाज जरूर देख लें। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। प्रदेश में अगले चार दिनों तक अधिकांश स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश हुई। अब तक प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से 8 प्रतिशत कम है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने यहां बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट
मौसम विभाग ने बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में अगले तीन घंटे के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों में कोटाडोल में सबसे ज्यादा 13 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। शंकरगढ़ और पौड़ी उपरोड़ा में 11-11 सेमी, जबकि सन्ना, दौरा कोचली और रघुनाथ नगर में 8-8 सेमी बारिश हुई।
जनकपुर भरतपुर में 7 सेमी, बलरामपुर, वाड्राफनगर, चलगली और सामरी में 6-6 सेमी बारिश दर्ज की गई। रतनपुर, कुनकुरी, बेलतरा, पचपेड़ी, भैसमा, कोरबा, बेलगहना, मनोरा, सकरी और मस्तूरी में 5-5 सेमी वर्षा हुई।
इसके अलावा पाली, बगीचा, रामचंद्रपुर, दुलदुला, सीपत, करतला और जगदलपुर में 4 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पेंड्रा, रामानुजगंज, मनेंद्रगढ़, कांसाबेल, कुसमी, कोंटा, बस्तर, जशपुरनगर, नवागढ़, मरवाही, पामगढ़, केल्हारी, पेंड्रा रोड, चांदो, बिलासपुर, अकलतरा, तोकापाल, सकोला, बैकुंठपुर और खड़गवा में 3 सेमी बारिश हुई। प्रदेश के अन्य कई स्थानों पर भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 22 डिग्री सेल्सियस रहा।




