कोरबा। 36 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एनटीपीसी कोरबा की ट्रिप हुई सात इकाइयों में से तीन को बहाल कर लिया गया है। इन तीनों इकाइयों से बिजली उत्पादन भी शुरू हो गया है। वहीं, बाकी चार इकाइयों को चालू करने का काम अभी जारी है।
शनिवार दोपहर करीब 2 बजे तक एनटीपीसी की तीन इकाइयों को बहाल कर लिया गया। इनमें 500-500 मेगावाट की दो और 200 मेगावाट की एक इकाई शामिल है। इनसे कुल 1200 मेगावाट बिजली का उत्पादन शुरू हो गया है। सातों इकाइयों के ट्रिप होने से 2600 मेगावाट क्षमता वाला एनटीपीसी कोरबा प्लांट पूरी तरह ब्लैकआउट हो गया था। तीन इकाइयों के शुरू होने से अब बड़ी राहत मिली है।
एनटीपीसी की जनसंपर्क अधिकारी उषा घोष ने तीन इकाइयों के बहाल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शेष चार इकाइयों को भी जल्द बहाल करने का प्रयास जारी है।
बता दें कि पावर ग्रिड कॉरपोरेशन द्वारा ब्रेकर की टेस्टिंग के दौरान तकनीकी फॉल्ट आया था। इसके चलते एनटीपीसी कोरबा की सभी सात इकाइयां एक साथ ट्रिप हो गई थीं।




