रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को लेकर भाजपा देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में भी 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए प्रदेशभर में 36 लाख आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर 100 दीये जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सभी संभागीय, जिला और विकासखंड मुख्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बस्तर में विशेष रूप से ‘बस्तर सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसके तहत बस्तर के गांव-गांव में आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
स्कूलों में बच्चे बनाएंगे ‘सेवा चित्र’
अभियान के तहत स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें बच्चे पेंटिंग के माध्यम से सेवा, विकास और सामाजिक बदलाव से जुड़े विषयों को चित्रों में प्रदर्शित करेंगे। वहीं स्कूलों और पंचायतों में ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के जरिए पिछले 25 वर्षों में हुए विकास कार्यों और बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’
आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत फल वितरण सहित विभिन्न गतिविधियां होंगी। वहीं ‘कहानी बदलाव के बीच’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल से जुड़े महत्वपूर्ण बदलावों और फैसलों, जिसमें अनुच्छेद 370 हटाना भी शामिल है, को कहानियों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ और रंगोली प्रतियोगिता
अभियान में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा ‘सेवा के रंग-रंगोली प्रतियोगिता’ होगी, जिसमें विभिन्न कलाकार हिस्सा लेंगे। सरकारी और अन्य कार्यालयों में भी सेवा की थीम पर रंगोली बनाई जाएगी।
7 अक्टूबर को होगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन प्रस्तावित है। इसके तहत सभी जिला मुख्यालयों में मशाल लाई जाएगी और उसे निर्धारित स्थान पर रखा जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के जिला मुख्यालयों को एक साथ संबोधित करेंगे।
‘जनसेवा का महाकुंभ’ में जुटेंगे जनप्रतिनिधि
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत ‘जनसेवा का महाकुंभ’ कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इसमें पंच से लेकर सांसद तक विभिन्न स्तरों के जनप्रतिनिधि राष्ट्रीय स्तर पर एक स्थान पर जुटेंगे। छत्तीसगढ़ से भी जनप्रतिनिधियों की पूरी टीम इस कार्यक्रम में शामिल होगी।




