बलरामपुर। जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। कुसमी थाना क्षेत्र के नीलकंठपुर गांव में परीक्षा में पूरक आने से आहत एक 11वीं कक्षा की छात्रा सरोजनी टोप्पो ने खुदकुशी कर ली।घटना बुधवार की बताई जा रही है, जब छात्रा ने घर में ही दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
जानकारी के अनुसार, सरोजनी शासकीय कन्या हाई स्कूल कुसमी में पढ़ती थी और हाल ही में आए परीक्षा परिणाम में उसे पूरक आई थी। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रही थी। परिजनों का कहना है कि रिजल्ट खराब होने पर उन्होंने नाराज़गी जताई थी, जिससे छात्रा और अधिक तनाव में आ गई थी।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
शिक्षा व्यवस्था पर उठते सवाल
यह घटना केवल एक आत्महत्या नहीं, बल्कि शिक्षा प्रणाली और सामाजिक दबाव पर एक बड़ा सवाल है। छात्रों पर बढ़ता मानसिक दबाव, रिजल्ट को लेकर सामाजिक अपेक्षाएं और अपर्याप्त काउंसलिंग व्यवस्था जैसी समस्याएं अब जानलेवा बनती जा रही हैं।
समाज, शिक्षकों और अभिभावकों को यह समझना होगा कि परीक्षा का परिणाम जीवन का अंतिम सत्य नहीं होता। बच्चों को सहयोग और समझ की आवश्यकता है, ना कि दबाव और तिरस्कार की।




