रायपुर। नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के मुद्दे पर शुक्रवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन में राज्यपाल से मुलाकात कर प्रभावित परिवारों की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई से प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने के लिए हस्तक्षेप की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई के बाद कई परिवार गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर प्रभावित लोगों को राहत दिलाने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, राज्यपाल ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और आश्वासन दिया कि विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद वे इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से चर्चा करेंगे।
कांग्रेस ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के हस्तक्षेप से प्रभावित परिवारों को न्याय मिलेगा और उनके पुनर्वास की दिशा में उचित कदम उठाए जाएंगे। साथ ही सरकार से भी प्रभावित लोगों के पुनर्वास और उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस ने नकटी गांव से राजभवन तक करीब 14 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली थी। पदयात्रा लोकभवन तक पहुंची थी, लेकिन उस दिन राज्यपाल से मुलाकात नहीं हो सकी थी। इसके बाद कांग्रेस ने समय मांगा था और चेतावनी दी थी कि यदि तीन दिनों के भीतर मुलाकात का समय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




