बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में युवक की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर लूटपाट की कोशिश करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर विरोध करने वाले युवक के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को संतोष यादव अपने साथी के साथ धान का बीज लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान सेमरा बाजार के पास तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। इंकार करने पर आरोपियों ने संतोष यादव से मारपीट की, उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और लूटपाट का प्रयास किया। घटना के दौरान आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
शिकायत दर्ज होने के बाद रतनपुर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेतन ध्रुव, जागेश्वर साहू और आकाश साहू के रूप में हुई है। तीनों सेमरा (भरारी), थाना रतनपुर के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया है।




