नई दिल्ली। बेंगलुरु में हुई दर्दनाक भगदड़ की घटना के बाद कर्नाटक सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। बुधवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई इस भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। इस मामले में बेंगलुरु पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
नवा रायपुर में पुरखौती मुक्तांगन के सामने स्थापित होगा भव्य एवं आकर्षक कलाग्राम, सरकार देगी 10 एकड़ भूमि
घटना के बाद सरकार ने पुलिस प्रशासन की लापरवाही मानते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। जिन अधिकारियों पर कार्रवाई हुई है, उनमें बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर, एडीशनल कमिश्नर वेस्ट जोन, डीसीपी सेंट्रल जोन, एसीपी कब्बन पार्क, स्टेशन हाउस मास्टर और कब्बन पार्क थाना प्रभारी शामिल हैं।
राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति भी गठित करने का निर्णय लिया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने पहले ही सरकार को इस इवेंट के आयोजन को लेकर सुरक्षा खतरे की चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद कार्यक्रम को मंजूरी दी गई।
निर्जला एकादशी पर होगा बुध का राशि परिवर्तन, इन राशियों को मिलेगा लाभ
यह हादसा तब हुआ जब आईपीएल 2025 की विजेता बनी RCB टीम की विक्ट्री परेड आयोजित की गई थी। टीम के स्टेडियम पहुंचने से पहले ही लाखों की संख्या में फैंस स्टेडियम के बाहर जमा हो गए। भारी भीड़ और अव्यवस्थित सुरक्षा इंतजामों के कारण स्टेडियम के गेट पर अफरातफरी मच गई। लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हुई।
सरकार का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए भविष्य में कड़े सुरक्षा मानकों और भीड़ प्रबंधन के नियमों को लागू किया जाएगा। फिलहाल घायलों का इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है, जबकि मृतकों के परिजनों को सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया है।
यह हादसा आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े करता है, जिसका जवाब अब जांच समिति की रिपोर्ट से मिलने की उम्मीद है।




