श्रीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जम्मू-कश्मीर दौरे से एक दिन पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आतंकी साजिश मामले की जांच के तहत गुरुवार को श्रीनगर सहित कश्मीर घाटी के कई जिलों में बड़े पैमाने पर छापेमारी की। पुलवामा, कुलगाम, शोपियां, बारामूला और कुपवाड़ा में चलाए गए इस तलाशी अभियान के दौरान एनआईए ने आतंकियों के नेटवर्क और स्लीपर सेल पर शिकंजा कसने की कोशिश की।
अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान के तहत किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन जांच एजेंसी ने पांच लैपटॉप, करीब डेढ़ दर्जन मोबाइल फोन और कई डिजिटल डिवाइस जब्त किए हैं। इसके अलावा वित्तीय लेनदेन से जुड़े अहम दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। तलाशी जिन लोगों के घरों पर हुई, उनमें एक शिक्षक, एक छात्रा और कुछ कारोबारी शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि ये लोग कथित तौर पर पाकिस्तान और गुलाम कश्मीर में बैठे आतंकी हैंडलरों से संपर्क में थे।
भारत-मध्य एशिया की बैठक: रणनीतिक साझेदारी को मिलेगा नया आयाम
इससे पहले एसआईए (राज्य जांच एजेंसी) ने भी जम्मू संभाग के चार जिलों में 18 ठिकानों पर छापेमारी की थी। केंद्रशासित प्रदेश में एनआईए और एसआईए का यह संयुक्त प्रयास आतंकी गतिविधियों और ओवरग्राउंड वर्करों की कमर तोड़ने की दिशा में एक और बड़ा कदम माना जा रहा है। पीएम मोदी के दौरे से पहले हुई इस कार्रवाई को सुरक्षा तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है।




