बीजापुर। जिले के नलगोंडा घाट पर हुई दर्दनाक नाव दुर्घटना में डूबी दो बच्चियों में से एक का शव पांच दिन बाद बरामद हुआ है। शनिवार सुबह शर्मिला का शव नदी किनारे पेड़ों में फंसा हुआ मिला। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दी।
यह हादसा एहकेली गांव के पास हुआ था, जब नाव पलट गई थी और शर्मिला एवं उर्मिला नदी में बह गई थीं। ग्रामीणों के अनुसार, एक शव नलगोंडा क्षेत्र में और दूसरा पांडे मुर्गा गांव के पास झाड़ियों में देखा गया।
प्रशासन ने तुरंत राजस्व अमला और नगर सेना की टीम को मौके पर भेजा। नगर सेना ने शर्मिला के शव को सुरक्षित नदी किनारे तक पहुंचाया। परिजन पांच दिन से शवों का इंतजार कर रहे थे और उन्हें जल्द ही सुपुर्द किया जाएगा।
दूसरी बच्ची उर्मिला के शव की तलाश जारी है। पटवारी श्रवण गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व अमला और नगर सेना की टीम मोटरबोट के जरिए खोजबीन कर रही है।




