बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के खिलाफ लंबित आपराधिक मामलों की शीघ्र सुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित ट्रायल कोर्ट को दिए हैं। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए रजिस्ट्रार ज्यूडिशियल को सभी संबंधित अदालतों से ताजा स्टेटस रिपोर्ट मंगाने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 25 अगस्त 2026 को होगी।
सुनवाई के दौरान न्याय मित्र डॉ. एन.के. शुक्ला ने बताया कि पिछली स्टेटस रिपोर्ट की तुलना में जनप्रतिनिधियों से जुड़े लंबित आपराधिक मामलों की संख्या में दो मामलों की कमी आई है। रायपुर और कबीरधाम जिले के एक-एक मामले का इस अवधि में निराकरण हो चुका है।
रिपोर्ट के अनुसार, बिलासपुर जिले में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव एवं अन्य के खिलाफ मामला लंबित है। वहीं बलौदाबाजार जिले में तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा सीजेएम कोर्ट में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा और अन्य से जुड़े मामलों की सुनवाई जारी है।
जांजगीर-चांपा में विधायक बालेश्वर साहू एवं अन्य के खिलाफ प्रकरण में अभियोजन पक्ष के साक्ष्य दर्ज किए जा रहे हैं। इसके अलावा रायपुर की विभिन्न अदालतों में भी कई चर्चित मामले विचाराधीन हैं। पीएमएलए (ईडी) की विशेष अदालत में देवेंद्र यादव, चंद्रदेव प्रसाद राय और कवासी लखमा से जुड़े मामलों की सुनवाई चल रही है। वहीं सीजेएम रायपुर की अदालत में संजीव शुक्ला, देवेंद्र यादव, उद्देश्वरी करा, आकाश शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से संबंधित मामलों की न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
हाईकोर्ट ने सभी संबंधित ट्रायल कोर्ट से अद्यतन स्थिति रिपोर्ट मंगाकर अगली सुनवाई तक प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही आदेश की प्रति तत्काल निचली अदालतों को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि लंबित मामलों की प्रगति की नियमित निगरानी की जा सके।




