सक्ती। एकलव्य आदर्श बालक छात्रावास, पलाड़ी खुर्द में कक्षा 9वीं के छात्र उमेश कंवर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में जिला प्रशासन ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। कलेक्टर ने सक्ती के एसडीएम, एसडीओपी, बीईओ और बीएमओ को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सक्ती को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति को सात दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
मृतक छात्र उमेश कंवर ग्राम बासिन का निवासी था और एकलव्य आदर्श बालक छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार सुबह अन्य छात्र जब बाथरूम पहुंचे तो उमेश फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर स्कूल प्रबंधन उसे तत्काल जिला अस्पताल सक्ती लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी छात्रावास प्रबंधन की शिकायत को लेकर परिजन कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे। इधर, पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासनिक जांच समिति भी छात्र की मौत के सभी पहलुओं की जांच कर निर्धारित समय में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।





