बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा वार्ड नंबर 12 स्थित किराए के मकान में मंगलवार सुबह पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मध्यप्रदेश के रहने वाले थे दंपती
मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और उनकी पत्नी माया बंजारा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जामकछार के रहने वाले थे। वे अपने दो बच्चों के साथ बिलासपुर में किराए के मकान में रहते थे। बताया जा रहा है कि रमेश इंडस्ट्रियल क्षेत्र की एक कंपनी में काम करता था।
बच्चों के रोने की आवाज से सामने आई घटना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे मकान में बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मकान मालिक रमेश कुमार साहू मौके पर पहुंचे। कमरे के अंदर पति-पत्नी को फांसी के फंदे पर लटका देखकर उन्होंने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौत की वजह का नहीं हुआ खुलासा
फिलहाल दंपती की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
घटना के बाद दोनों मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच में जुटी हुई है।




