रायपुर। हरेली तिहार के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रधानमंत्री को लेकर की गई टिप्पणी के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बघेल के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया है।
अरुण साव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने भूपेश बघेल पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। साव ने झारखंड में छात्रों के साथ कथित बर्बरता का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि कांग्रेस और भूपेश बघेल इस मामले पर चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों की राह में फूल बिछाए जाने चाहिए, वहां कांटे बिछाए जा रहे हैं।
दरअसल, भूपेश बघेल के निवास पर हरेली तिहार कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर चल रहे ‘56 इंच का छोटा बंदर, बाल नरेंद्र’ वाले पोस्ट का जिक्र किया। बघेल ने कहा था कि बच्चों ने एक मिनट में 56 इंच के सीने वाली बनाई गई छवि को धो दिया। उनके इस बयान के बाद भाजपा की ओर से पलटवार शुरू हो गया है।
ED कार्रवाई को लेकर भी कांग्रेस पर हमला
ED की कार्रवाई के विरोध को लेकर भी अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि ED की जांच में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक का भ्रष्टाचार सामने आया है। साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जिस मजबूती से इस मामले का विरोध कर रही है, उससे ऐसा लगता है कि पार्टी घोटाले के आरोपियों के साथ खड़ी है।
उन्होंने कांग्रेस की ओर से दिए जा रहे बयानों को लेकर कहा कि धमकियों की भाषा पार्टी की मानसिकता को दर्शाती है। साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रष्टाचारियों और अपराधियों के साथ खड़ी नजर आ रही है।
स्काईवॉक को लेकर भी कांग्रेस को घेरा
रायपुर के अधूरे स्काईवॉक के काम को आगे बढ़ाने की तैयारियों पर भी उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि स्काईवॉक की मौजूदा स्थिति के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है और कांग्रेस सरकार के दौरान पांच साल तक इसका काम अटका रहा।
साव ने कहा कि इस परियोजना में सरकारी खजाने की बड़ी राशि खर्च हो चुकी है। पुराना और लंबे समय से बंद पड़ा काम होने के कारण इसे पूरा करने में समय लग रहा है, लेकिन सरकार इसे पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
निर्दोष आदिवासियों की रिहाई के मामलों की होगी समीक्षा
नक्सलवाद के खात्मे के बाद निर्दोष आदिवासियों की रिहाई की कांग्रेस की मांग पर अरुण साव ने कहा कि सरकार संबंधित मामलों की समीक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादा किया है, उसे पूरा किया जाएगा। मामलों की जांच के बाद जल्द ही इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बारिश के बाद तेज होंगे सड़क और भवन निर्माण के काम
लोक निर्माण विभाग के सड़क और भवन निर्माण कार्यों को लेकर साव ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समय पर और गुणवत्तापूर्ण काम पूरा कराना है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और बारिश खत्म होते ही सड़क निर्माण, मरम्मत तथा भवन निर्माण के कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग पूरी क्षमता के साथ काम कर रहा है। पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने सड़क विकास के लिए लगातार काम किया है और आने वाले समय में निर्माण व मरम्मत कार्यों को और गति दी जाएगी।




