रायपुर।छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू और कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। प्रदेश में स्वाइन फ्लू के अब तक 152 मरीज मिल चुके हैं, जबकि कोरोना के 2 मामलों की पुष्टि हुई है। इस बीच स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों से पैनिक नहीं होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संक्रमण से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जरूरी व्यवस्थाएं की हैं।
स्वाइन फ्लू के 152 मामले, 114 मरीज स्वस्थ
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्वाइन फ्लू के अब तक 152 मरीज सामने आए हैं। इनमें से 114 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 38 मरीज एक्टिव हैं। वहीं, कोरोना के भी 2 संक्रमित मरीज मिले हैं।
स्वास्थ्य मंत्री बोले- पैनिक होने की जरूरत नहीं
श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। कोरोना से बचाव के लिए पहले लगाए गए टीकों की वजह से लोगों के शरीर में पर्याप्त इम्यूनिटी बनी हुई है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल और मेकाहारा में जांच की पूरी व्यवस्था उपलब्ध है।
लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच
स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू या कोरोना के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें। ऐसे लक्षण सामने आने पर तुरंत अस्पताल पहुंचकर जांच और आवश्यक उपचार कराया जाए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और इलाज से संक्रमण को गंभीर होने से रोका जा सकता है।




