Khabarwaad National Desk: आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ YSRCP विधायक पी रामकृष्ण रेड्डी की पोलिंग बूथ पर गुंडई का वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में रेड्डी को कथित तौर पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को तोड़ते देखा जा रहा है. वे पोलिंग कर्मियों को भी धमकाते देखे जा रहे हैं. फिलहाल, घटना सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने जांच शुरू कर दी है.
घटना कथित तौर पर 13 मई की है. चुनाव आयोग ने कहा, हमने वीडियो पुलिस को सौंप दिया है और जांच में मदद करने के लिए कहा है.
Read also: जगन मोहन रेड्डी की पार्टी के विधायक की गुंडई, पोलिंग बूथ पर ईवीएम को तोड़ा, चुनाव आयोग ने लिया संज्ञान,
ईवीएम को जमीन पर गिराते देखे जा रहे हैं विधायक
आंध्र प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एक बयान में कहा, माचरला विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग स्टेशन नंबर 202 और 7 पर ईवीएम को तोड़ने की घटना सामने आई है. मौजूदा विधायक पी रामकृष्ण रेड्डी को ईवीएम को जमीन पर गिराते हुए वेब कैमरे में रिकॉर्ड किया गया है. पालनाडु जिला चुनाव अधिकारियों ने ऐसे सभी मतदान केंद्रों के वीडियो फुटेज पुलिस को सौंप दिए हैं. पुलिस से घटना से संबंधित जांच के लिए कहा गया है.
अधिकारियों के मुताबिक, जांच में विधायक का नाम आरोपी के तौर पर शामिल किया गया है. चुनाव आयोग ने कहा, हमने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया है. सीईओ मुकेश कुमार मीना को इन घटनाओं में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए डीजीपी को सूचित करने का निर्देश दिया है.




