ख़बरवाद डॉट कॉम, रायपुर। आने वाले 14 और 15 नवंबर को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का छत्तीसगढ़ प्रवास तय हुआ है। वे सरगुजा और जशपुर में दो दिन बिताएंगे। कहा जा रहा है आरक्षण के गर्म मुद्दे को आरएसएस प्रमुख के दौरे और बल मिलेगा। प्रदेश में आगामी साल विधानसभा चुनाव भी ऐसे में इस दौरे से राजनीतिक पंडित कई मायने निकल रहे हैं।
रायपुर में आरएसएस की अखिल भारतीय समन्वय बैठक के दो महीने बाद सर संघ चालक डॉ. मोहन भागवत के छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राजनीति गरमाने के आसार हैं। इस बार भागवत जशपुर और अंबिकापुर में अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। जशपुर में वनवासी कल्याण आश्रम की ओर से 14 नवंबर को आयोजन है।
इसके बाद 15 नवंबर को आरएसएस के सरगुजा संभाग का आयोजन है। इसमें सरगुजा संभाग के सभी स्वयंसेवक हिस्सा लेंगे। पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवकों के संचलन के बाद भागवत का उद्बोधन भी होगा। दोनों ही कार्यक्रम सार्वजनिक होंगे और स्वयंसेवकों के अलावा अन्य लोग भी उद्बोधन को सुन सकेंगे। जशपुर में पूर्व सांसद दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।




