नई दिल्ली। निक्की यादव मर्डर केस में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. इस वारदात में साहिल गहलोत के साथ ही उसके परिवार के सदस्य और दोस्त शामिल थे. जिन्हें बचाने के लिए वो लगातार कहानी गढ़ रहा था और पुलिस की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश कर रहा था. हालांकि, इसमें वो सफल नहीं हुआ और सच सामने आ गया.
साहिल ने निक्की के साथ अपनी शादी की बात भी पुलिस से छिपा कर रखी थी. पूछताछ में उसने यह बोला था कि वह लिव इन में रहता था, लेकिन पुलिस को साहिल के बयानों पर विश्वास नहीं हुआ. जब पुलिस ने साहिल की लोकेशन निकाली और छानबीन की तो आशंका हुई कि इस साजिश में और लोग भी शामिल हो सकते हैं. इसके बाद पुलिस ने साहिल गहलोत से दोबारा पूछताछ की.
जांच में 5 और लोगों के नाम आए सामने
पुलिस के मुताबिक, जांच और पूछताछ के बाद अभी तक पांच और लोगों के नाम सामने आए हैं. इनको गिरफ्तार किया गया है. इसमें साहिल के पिता, उसके चचेरे भाई और दोस्त शामिल हैं. इन सभी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया है. यहां से सभी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है.




