IND vs ENG, 2nd ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज जारी है। भारत और इंग्लैंड का दूसरे वनडे मैच में आमना-सामना हो रहा है। कटक में खेले जा रहे इस दूसरे वनडे मैच में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव करते हुए सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और कुलदीप यादव की जगह विराट कोहली और वरुण चक्रवर्ती को मौका दिया। कोहली चोट के कारण पहले वनडे मुकाबले में नहीं खेल पाए थे। कुलदीप को आराम दिया गया है जिससे चक्रवर्ती को डेब्यू का मौका मिला। इंग्लैंड ने भी तीन बदलाव करते हुए मार्क वुड, जेमी ओवरटन और गस एटकिंसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया।
Read Also- IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड ने भारत को दिया 305 रनों का टारगेट, बल्लेबाजों को दिखाना होगा दम
IND vs ENG, 2nd ODI: पहला वनडे मैच नागपुर में खेला गया था जिसमें टीम इंडिया ने 4 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई थी। अब रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया के पास सीरीज में अजेय बढ़त बनाने का मौका है। इससे पहले रोहित शर्मा ने टॉस के लिए मैदान में उतरने के साथ ही इतिहास रच दिया।
Read Also- IND vs ENG दूसरा वनडे: इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी, कोहली की वापसी, जायसवाल बाहर, वरुण चक्रवर्ती कर रहे डेब्यू
वनडे में रोहित ने रचा बड़ा कीर्तिमान
IND vs ENG, 2nd ODI: दरअसल, रोहित शर्मा आज यानी 9 फरवरी को वनडे में बतौर कप्तान अपना 50वां मैच खेल रहे हैं। वनडे क्रिकेट में भारत की 50 या उससे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाले वह 8वें भारतीय कप्तान हैं। भारत की ओर से सबसे ज्यादा वनडे मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम दर्ज है। धोनी ने वनडे में 200 मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की थी। दूसरे नंबर पर मोहम्मद अजहरुद्दीन हैं। अजहरुद्दीन ने 174 वनडे मैचों में भारत की कप्तानी की थी। 147 वनडे मैचों के साथ सौरव गांगुली तीसरे स्थान पर हैं।




