सुकमा। बस्तर में लगातार अपनी जमीन खोने वाले नक्सली अपनी कायराना हरकतों से बाज आने का नाम नहीं ले रहे है। सुकमा जिले में फिर दर्जन भर से अधिक नक्सलियों ने एक गांव के सरपंच की तेज धार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी है। ये गांव नक्सली लीडर हिडमा का गांव है।
जानकारी के अनुसार; हिडमा के पैतृक ग्राम पुवर्ती के सरपंच भोडको रामा की नक्सलियों ने हत्या की है। नक्सली कल रात पुवर्ती गांव में 12 से 15 की संख्या में पहुंचे थे। भोडको रामा की हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने वहां पर्चे भी फेंके है। इस पर्चे में मुखबिरी का आरोप नक्सलियों द्वारा लगाया गया है।
पामेड़ एरिया कमेटी के सदस्यों ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए पर्चे में लिखा है कि ग्रामीणों को डरा-धमकाकर भोडको रामा ने अपनी खेती के लिए बीजा पंडुम की जगह हथिया लिया है। तालाब के मेड के नीचे वाले जमीन को भी हथियाकर अपनी जमीन बता रहा है। इसलिए पार्टी की ओर से भोडको रामा को सजा दी गई है।
घटना की जानकारी के बाद आज सुबह जगरगुंडा थाना की सुरक्षाबलों के जवानों के गांव में पहुंची है। भोडको रामा के शव का मर्ग कायम कर पंचनामा किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना में शामिल नक्सलियों की पहचान कर रही है।




