उज्जैन। टेलीविजन और बॉलीवुड की चर्चित एक्ट्रेस तेजस्वी प्रकाश आज अपना 32वां जन्मदिन धार्मिक माहौल में मना रही हैं। अपने जन्मदिन के खास मौके पर एक्ट्रेस उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं और बाबा महाकाल के दर्शन कर विधिविधान से पूजा-अर्चना की।
मंगलवार की सुबह तेजस्वी प्रकाश ने महाकालेश्वर मंदिर में प्रसिद्ध ‘भस्म आरती’ में भाग लिया। इस दौरान वह मंदिर के गर्भगृह के पास भगवान शिव से प्रार्थना करती और आशीर्वाद मांगती नजर आईं। उनका यह आध्यात्मिक रूप सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है, जिसमें श्रद्धा और भावनाओं की झलक दिखाई दी।
तेजस्वी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मंदिर परिसर से एक सेल्फी भी साझा की, जिसमें उनके माथे पर महाकाल का तिलक लगा हुआ देखा जा सकता है। फोटो के साथ उन्होंने लिखा, “जय महाकाल! मैं अपने जन्मदिन की शुरुआत इसी तरह करती हूं।”
फैंस के बीच खास पहचान बना चुकी तेजस्वी प्रकाश का यह अंदाज उनके प्रशंसकों को खूब पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर उन्हें जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं मिल रही हैं। महाकाल के दर पर पहुंचकर जन्मदिन मनाने का उनका यह तरीका अब श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बन गया है।




