नई दिल्ली
दिल्ली से वियना जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-187 एक गंभीर तकनीकी घटना का शिकार होते-होते बच गई। 14 जून को सुबह 2:56 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यह बोइंग 777 विमान हवा में अचानक लगभग 900 फीट नीचे आ गया। इस खतरनाक स्थिति से यात्रियों में घबराहट फैल गई। यह घटना उस वक्त सामने आई जब कुछ ही दिन पहले एयर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जा रही AI-171 फ्लाइट में भी तकनीकी खामी की खबर आई थी।
टेकऑफ के तुरंत बाद आई गंभीर चेतावनियां
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, टेकऑफ के बाद विमान ने अचानक ऊंचाई खो दी और ‘स्टॉल’ तथा ‘ग्राउंड प्रॉक्सिमिटी’ वॉर्निंग सिस्टम्स सक्रिय हो गए। सिस्टम में बार-बार “Don’t Sink” अलर्ट बजता रहा, जो यह संकेत था कि विमान बहुत तेजी से नीचे की ओर जा रहा है। हालांकि, पायलटों ने तुरंत सतर्कता दिखाई और विमान को स्थिर कर लिया। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि पायलटों की तत्परता के कारण किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई और विमान नौ घंटे आठ मिनट की उड़ान के बाद सुरक्षित रूप से वियना पहुंच गया।
पायलटों को रोस्टर से हटाया गया
एयर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि घटना की जानकारी तुरंत नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दी गई है। नियमों के तहत फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को विमान संचालन ड्यूटी से हटा दिया गया है।
लिव-इन रिलेशन का खौफनाक अंत : प्रेमी ने गला घोंटकर की प्रेमिका की हत्या, चार दिन बाद सड़ी-गली हालत में मिला शव
पहले भी आ चुकी है तकनीकी खामियों की खबर
हाल ही में AI-171 फ्लाइट में भी तकनीकी समस्या के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। लगातार ऐसी घटनाओं के कारण एयर इंडिया की उड़ानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। DGCA इस मामले में विस्तृत तकनीकी जांच कर रहा है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें।




