नई दिल्ली। पश्चिम अफ्रीकी देश माली में मंगलवार को हुए आतंकी हमलों के दौरान तीन भारतीय नागरिकों का अपहरण कर लिया गया है। भारत सरकार ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए माली सरकार से अपहृत भारतीयों की तत्काल और सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।
जल्द सस्ते होंगे कपड़े जूते बर्तन, सरकार कर सकती है GST स्लैब में बड़ा बदलाव
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, 1 जुलाई को माली के कायेस स्थित डायमंड सीमेंट फैक्ट्री पर कुछ सशस्त्र हमलावरों ने हमला किया और वहां कार्यरत तीन भारतीय नागरिकों को अगवा कर लिया। इस अपहरण की जिम्मेदारी अल-कायदा से जुड़े संगठन ‘जमात नुसरत अल-इस्लाम वल मुस्लिमीन’ (JNIM) ने ली है, जिसने माली में हुए अन्य हमलों की भी जिम्मेदारी स्वीकारी है।
भारतीय दूतावास माली की राजधानी बमाको में स्थानीय प्रशासन, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और फैक्ट्री प्रबंधन के साथ लगातार संपर्क में है। साथ ही, अगवा किए गए भारतीयों के परिवारों को स्थिति की जानकारी दी जा रही है।
सरकार ने इस घटना को हिंसा का घोर निंदनीय कृत्य बताते हुए माली प्रशासन से हरसंभव प्रयास की मांग की है ताकि भारतीयों की जल्द और सुरक्षित वापसी हो सके। विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह भारतवासियों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
साथ ही माली में रह रहे अन्य भारतीयों को सतर्क रहने, सुरक्षा उपायों का पालन करने और भारतीय दूतावास से नियमित संपर्क में रहने की सलाह दी गई है। सरकार ने स्पष्ट किया कि विदेशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।




