नागपुर। येलो अलर्ट के बीच नागपुर में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। मंगलवार की रात और बुधवार तड़के जहां कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई, वहीं दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद जोरदार बारिश नहीं हुई। बुधवार सुबह 8.30 बजे तक मौसम विभाग ने 3.6 मिमी बारिश दर्ज की, जबकि शाम 5.30 बजे तक कोई बारिश नहीं हुई।
माली में तीन भारतीयों का अपहरण विदेश मंत्रालय ने की सुरक्षित रिहाई की अपील
दिनभर सूखे मौसम के कारण तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 3.7 डिग्री कम था, लेकिन मंगलवार की तुलना में यह 1 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, 4 जुलाई तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। इस दौरान बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी या बौछारें हो सकती हैं। हालांकि, 5 और 6 जुलाई के लिए नागपुर समेत विदर्भ के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान शहर के अधिकांश इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।
मौसम के इस उतार-चढ़ाव ने जहां नागरिकों को उमस और गर्मी से परेशान किया, वहीं किसान वर्ग भी मौसम की अनिश्चितता को लेकर चिंतित नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की अपील की है।




