आशीष पदमवार
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED विस्फोट में एक किशोरी सहित तीन ग्रामीण घायल हो गए। यह हादसा 13 जुलाई 2025 की शाम को उस समय हुआ जब ग्राम धनगोल के कुछ ग्रामीण जंगल में मशरूम (फुटु) बीनने गए थे। जंगल में पहले से लगाए गए IED के ब्लास्ट होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में घायल हुए ग्रामीणों की पहचान कविता कुड़ियम (16 वर्ष), कोरसे संतोष (26 वर्ष) और चिड़ेम कन्हैया (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सभी धनगोल गांव, थाना मद्देड़, जिला बीजापुर के निवासी हैं। विस्फोट से तीनों के पैरों और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
घायलों को तुरंत जिला अस्पताल बीजापुर लाया गया, जहां रात में ही उनका उपचार शुरू कर दिया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
प्रशासन और पुलिस ने लोगों से जंगलों में जाने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना या सुरक्षा बलों को दें, जिससे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
माओवादियों की यह कायरतापूर्ण हरकत एक बार फिर साबित करती है कि वे निर्दोष ग्रामीणों को भी नहीं बख्शते। सुरक्षा एजेंसियां घटना की जांच में जुट गई हैं।




