कोरबा। छत्तीसगढ़ की ऊर्जाधानी कोरबा में एसपी कार्यालय के सामने स्थित एक होटल में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बीती रात करीब 2 बजे की है, जब एक होटल कर्मचारी खिड़की से कमरे में घुसकर डॉक्टर से दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। पीड़िता की चीख-पुकार से आरोपी भाग गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी सफाईकर्मी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है।
आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 27 जुलाई को, व्यापम ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश
जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले से ट्रेनिंग के लिए चार डॉक्टर कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल आए हुए थे और सभी टॉप इन टाउन होटल में ठहरे थे। ट्रेनिंग के बाद दो महिला डॉक्टर वापस चली गईं थीं, जबकि दो महिला डॉक्टर होटल में अलग-अलग कमरों में ठहरी थीं।
बीती रात करीब 2 बजे होटल में कार्यरत सफाईकर्मी राजा खड़िया (35 वर्ष) खिड़की से एक कमरे में घुस गया और वहां सो रही महिला डॉक्टर से दुष्कर्म की कोशिश की। जब डॉक्टर ने विरोध किया, तो आरोपी ने चाकू से जान से मारने की धमकी दी। महिला डॉक्टर की चीख-पुकार सुनकर आरोपी घबरा गया और मौके से भाग निकला।
घटना की सूचना तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी की पहचान स्पष्ट हुई। पुलिस ने राजा खड़िया को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है और होटल प्रबंधन से भी पूछताछ की जाएगी कि सुरक्षा व्यवस्था में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।
यह घटना न सिर्फ महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि होटल प्रबंधन की लापरवाही भी उजागर करती है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।




