रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा। केंद्र सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए प्रदेश में धान खरीदी की अनुमानित सीमा को 70 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 78 लाख मीट्रिक टन कर दिया है। यह फैसला राज्य के लाखों किसानों की मेहनत और उत्पादन क्षमता को नई पहचान देने वाला है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला केंद्र और राज्य सरकार की साझा प्रतिबद्धता का प्रमाण है, जिसमें किसान हित सर्वोपरि है।
Read Also- ED की विशेष कोर्ट में चैतन्य बघेल की पेशी: भूपेश बघेल, चरणदास महंत सहित सभी कांग्रेस विधायक पहुंचे न्यायालय
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि 8 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त धान खरीदी की स्वीकृति किसानों की मेहनत को मान्यता देने वाला कदम है। इससे न केवल किसानों की आय में इजाफा होगा, बल्कि प्रदेश की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। समर्थन मूल्य पर खरीदी को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जा रही है। धान खरीदी सीमा में यह बढ़ोतरी किसानों के आत्मविश्वास को मजबूत करेगी और केंद्र सरकार की उनकी क्षमताओं में आस्था को दर्शाएगी। सरकार ने खरीदी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाए रखने की पूरी तैयारी कर ली है। किसानों को समय पर भुगतान, सरल प्रक्रिया और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।




