राजनांदगांव/डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ में बीते 48 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। डोंगरगढ़ शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। निचले इलाकों में पानी भरने से सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे लोगों का आवागमन बाधित हो गया है।
नक्सली इलाके में विकास की दस्तक: हिड़मा के गांव में बना बस्तर का पहला बेली ब्रिज
डोंगरगढ़ शहर के कालकापारा, वार्ड नंबर 02, टिकरापारा समेत कई मोहल्लों में बारिश का पानी अब सड़कों पर बहने लगा है। समय रहते पानी की निकासी नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं और पानी घरों में घुसने की आशंका है।
इसी बीच डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम कोलेन्द्रा से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस चुका है। ग्रामीणों की माने तो प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं पहुंची है, जिससे उनका गुस्सा भी फूट रहा है।
लगातार हो रही बारिश ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की ड्रेनेज व्यवस्था की पोल खोल दी है। जलभराव की स्थिति को देखते हुए कई स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। प्रशासन की ओर से फिलहाल हालात पर नजर बनाए रखने की बात कही जा रही है।




