रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 10 अधिकारियों के कार्यभार में फेरबदल करते हुए कई महत्वपूर्ण पदस्थापनाएं और अतिरिक्त दायित्व सौंपे हैं। कुछ अधिकारियों को उनके वर्तमान कार्यों के साथ नए पदों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, तो कुछ को नए दायित्व सौंपे गए हैं। यह आदेश अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।
रवि मित्तल को सीएम सचिवालय में नई जिम्मेदारी
आयुक्त जनसंपर्क और सीईओ संवाद का दायित्व निभा रहे आईएएस रवि मित्तल को संयुक्त सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय के पद पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है। वे अपने वर्तमान पदों पर भी बने रहेंगे।
रीना कंगाले को राजस्व विभाग का अतिरिक्त प्रभार
आईएएस रीना बाबा साहेब कंगाले, सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग को अब सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, साथ ही पदेन राहत एवं पुनर्वास आयुक्त तथा आयुक्त, भू-अभिलेख का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
Read Also- मोर तिरंगा मोर अभिमान: स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ में भाजपा चलाएगी विशेष अभियान, 60 लाख घरों में फहराया जायेगा तिरंगा
अविनाश चम्पावत को नई भूमिका
आईएएस अविनाश चम्पावत को सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। साथ ही उन्हें सचिव, जन शिकायत निवारण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
रितेश अग्रवाल बने CGMSC के एमडी
कोष एवं लेखा संचालक तथा पेंशन और फर्म पंजीयन विभाग का प्रभार संभाल रहे रितेश कुमार अग्रवाल को अब प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कार्पोरेशन (CGMSC), रायपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।
प्रभात मलिक को एक प्रभार से मुक्त किया गया
आईएएस प्रभात मलिक को संयुक्त सचिव, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वे अपने अन्य प्रभारों पर यथावत कार्यरत रहेंगे।
जयश्री जैन को नया दायित्व
आईएएस जयश्री जैन, मिशन संचालक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (SRLM) को अब उप सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है।
Read Also- DSP के अंतरजातीय विवाह पर बहिष्कार की कोशिश नाकाम, HC ने दी कड़ी चेतावनी
दीपक अग्रवाल को सचिव लोक आयोग का अतिरिक्त प्रभार
दीपक कुमार अग्रवाल, नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन को उनके वर्तमान कार्यों के साथ-साथ सचिव, लोक आयोग का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
पद्मिनी साहू को कोष एवं लेखा विभाग भेजा गया
आईएएस पद्मिनी भोई साहू, प्रबंध संचालक CGMSC को संचालक, कोष एवं लेखा के पद पर पदस्थ किया गया है। उन्हें संचालक पेंशन एवं पंजीयक, फर्म एवं संस्थाएं का भी अतिरिक्त प्रभार मिला है।
हिना अनिमेष नेताम को आदिम जाति अनुसंधान संस्थान भेजा गया
राजभवन रायपुर में उप सचिव के पद पर कार्यरत हिना अनिमेष नेताम को संचालक, आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान के पद पर नियुक्त किया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने पर जगदीश सोनकर को इस प्रभार से मुक्त कर दिया जाएगा।
अश्वनी देवांगन को SRLM की जिम्मेदारी
अश्वनी देवांगन, उप सचिव वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को मिशन संचालक, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (SRLM) के पद पर पदस्थ किया गया है। साथ ही उन्हें संचालक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। शासन ने उनके पद को वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष घोषित किया है।




