किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर)। किश्तवाड़ जिले के पड्डर सब-डिवीजन में शुक्रवार को बादल फटने की घटना ने तबाही मचा दी। पड्डर के चिशोती गांव में मचैल माता मंदिर के पास अचानक बादल फट गया, जिससे इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए। तेज बहाव के कारण आसपास के क्षेत्रों में पानी भर गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। फिलहाल राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। प्रशासन ने प्रभावित इलाके में अलर्ट जारी किया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
इस बीच, कश्मीर के राजौरी और मेंढर इलाकों से भी बादल फटने की खबरें आई हैं। वहां भी स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नज़र बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठा रहा है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद स्थानीय अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने कहा, “प्रशासन ने मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। प्रभावित लोगों की मदद के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।”
फिलहाल मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले कुछ घंटों में पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है।




