नई दिल्ली। अगर आप जल्द ही ट्रेन से सफर करने जा रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए नए लगेज नियम लागू करने की तैयारी की है। अब ट्रेन में भी एयरपोर्ट की तरह तय वजन सीमा (Train Luggage Limit 2025) लागू होगी। सीमा से ज्यादा सामान ले जाने पर यात्रियों को या तो उसे पार्सल की तरह बुक कराना होगा या फिर जुर्माना भरना पड़ेगा।
कितना मिलेगा फ्री सामान ले जाने का हक?
रेलवे ने कोच के हिसाब से फ्री लगेज लिमिट तय की है—
- फर्स्ट एसी क्लास: 70 किलो तक मुफ्त
- सेकंड एसी क्लास: 50 किलो तक मुफ्त
- थर्ड एसी और स्लीपर क्लास: 40 किलो तक मुफ्त
- जनरल क्लास: 30 किलो तक मुफ्त
इसके अलावा, हर यात्री को 10 किलो अतिरिक्त सामान की भी छूट होगी। लेकिन अगर यह सीमा पार हो जाती है, तो सामान को पार्सल के तौर पर बुक कराना अनिवार्य होगा।
रेलवे का उद्देश्य
अधिकारियों का कहना है कि इस नियम को लागू करने का मकसद यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है। कई बार अधिक सामान ले जाने से यात्रियों को असुविधा होती है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ता है। नए नियम लागू होने के बाद स्टेशनों पर बैग और लगेज की सख्त चेकिंग की जाएगी।




