रायबरेली। जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सात बच्चों की मां अपने ही भांजे के साथ फरार हो गई। पीड़ित पति ने बच्चों के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई और न्याय की गुहार लगाई है।
दिल्ली से भेजे थे पैसे, गांव नहीं पहुंची पत्नी
जानकारी के मुताबिक, महराजगंज क्षेत्र के पूरे अचली गांव निवासी राजकुमार दिल्ली में परिवार सहित एक फार्म हाउस पर माली का काम करते हैं। 2 अगस्त को उन्होंने मकान निर्माण के लिए अपनी पत्नी लालती को 3 लाख रुपये नकद देकर गांव भेजा था, ताकि घर की छत डलवाने की व्यवस्था हो सके। राजकुमार ने सोचा था कि वह बच्चों को लेकर बाद में गांव जाएंगे।
लेकिन एक सप्ताह बाद जब राजकुमार ने गांव में भाइयों से छत निर्माण की जानकारी ली तो पता चला कि न तो पत्नी गांव पहुंची और न ही किसी तरह का काम शुरू हुआ।
भांजे के साथ कोर्ट मैरिज का दावा
खोजबीन में खुलासा हुआ कि लालती अपने ही 22 वर्षीय भांजे उदयराज (निवासी देवैचा मजरे लाही, थाना हैदरगढ़) के साथ रह रही है। राजकुमार जब कुछ रिश्तेदारों को लेकर वहां पहुंचे तो पत्नी ने साफ कहा कि उसने उदयराज से कोर्ट मैरिज कर ली है और अब उसी के साथ रहेगी। इतना ही नहीं, बच्चों के बारे में पूछने पर उसने कहा कि उनसे उसका कोई लेना-देना नहीं है।
बच्चों संग पुलिस थाने पहुंचे पति
पत्नी के इंकार से आहत राजकुमार बच्चों को लेकर महराजगंज कोतवाली पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
इस मामले पर महराजगंज कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




