पटना। बिहार के नालंदा जिले में ग्रामीण विकास मंत्री और जेडीयू नेता श्रवण कुमार के काफिले पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस हमले में मंत्री के कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घटना हिलसा थाना क्षेत्र के मलावां गांव की है, जहां मंत्री सड़क हादसे में मारे गए 9 लोगों के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे थे।
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे मंत्री और विधायक
दो दिन पहले हुए सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए स्थानीय विधायक प्रेम मुखिया और मंत्री श्रवण कुमार गांव पहुंचे थे। आधे घंटे बाद जब वे लौट रहे थे, तभी असामाजिक तत्वों ने अचानक काफिले पर हमला बोल दिया।
भीड़ का गुस्सा और पीछा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीड़ इतनी आक्रोशित थी कि उसने मंत्री के काफिले का करीब एक किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान जमकर पथराव हुआ, जिसमें कई बॉडीगार्ड घायल हो गए।
सुरक्षा बढ़ाई गई, जांच जारी
हमले की जानकारी मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस गांव में पहुंच गई और हालात पर काबू पाया। फिलहाल गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




