नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिवसीय जापान यात्रा पर रवाना होंगे। 29 और 30 अगस्त तक चलने वाले इस दौरे में वे अपने जापानी समकक्ष शिगेरु इशिबा से मुलाकात करेंगे और 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह मोदी की जापान की आठवीं यात्रा है, जबकि इशिबा के साथ उनकी पहली शिखर वार्ता होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री चीन रवाना होंगे।
यात्रा के दौरान दोनों नेता भारत-जापान की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी की समीक्षा करेंगे। इसमें रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी, नवाचार और जन-से-जन संबंधों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जापानी सरकार इस यात्रा के दौरान भारत के लिए 10 ट्रिलियन येन (68 अरब डॉलर) के निवेश लक्ष्य की घोषणा कर सकती है। क्योडो न्यूज के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी और इशिबा संयुक्त वक्तव्य में इस निवेश योजना का ऐलान करेंगे। मार्च 2022 में जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने भारत में 5 ट्रिलियन येन के निवेश का वादा किया था।




