इंदौर। सुप्रसिद्ध शराब निर्माता कंपनी पेरनोड रिकार्ड को सुप्रीम कोर्ट से ट्रेडमार्क विवाद में झटका लगा है। अदालत ने कंपनी की वह याचिका खारिज कर दी, जिसमें उसने जेके एंटरप्राइजेज की व्हिस्की ब्रांड लंदन प्राइड पर ट्रेडमार्क उल्लंघन का आरोप लगाया था।
पेरनोड रिकार्ड, जो ब्लेंडर्स प्राइड, इंपीरियल ब्लू और सीग्राम जैसे ब्रांड बनाती है, ने दावा किया था कि ‘प्राइड’ शब्द का उपयोग केवल वही कर सकती है क्योंकि यह उनके ब्रांड ब्लेंडर्स प्राइड का हिस्सा है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए कंपनी को कोई राहत नहीं दी।
हाईकोर्ट ने कहा था कि पेरनोड रिकार्ड का ट्रेडमार्क पंजीकरण केवल ब्लेंडर्स प्राइड नाम के लिए है, न कि ‘प्राइड’ शब्द के लिए। ऐसे में वह इस शब्द पर विशेष अधिकार का दावा नहीं कर सकती। फैसले के बाद जेके एंटरप्राइजेज की लंदन प्राइड व्हिस्की बाजार में बनी रह सकेगी।




