कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मामूली विवाद के बाद एक बेटे ने अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मरदापोटी गांव की है।
जानकारी के अनुसार, 1 सितंबर की शाम पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मरदापोटी निवासी द्रोपति सलाम अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी हुई है। महिला के माथे पर चोट के निशान थे और जमीन पर खून फैला हुआ था। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ में संदेह छोटे बेटे अनु सलाम पर गया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि बड़े पिताजी के घर ‘नया खाने’ नहीं जाने की बात पर मां से विवाद हुआ था। गुस्से में उसने पहले लाठी-डंडे से वार किया और फिर साड़ी से गला दबाकर मां की हत्या कर दी।
कांकेर के एडिशनल एसपी दिनेश सिन्हा ने बताया कि आरोपी अनु सलाम (21) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




