बालोद। दल्ली राजहरा-महामाया माइंस रोड पर सोमवार सुबह एक जंगली हाथी के पहुंचने से हड़कंप मच गया। हाथी को सामने से आता देख एक हाईवा ट्रक चालक घबरा गया और समय रहते ट्रक को रिवर्स कर जान बचाई। यह घटना दल्ली राजहरा वन परिक्षेत्र के बोइरडीह पंपहाउस के पास हुई, जिसे राहगीरों ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। हाथी की मौजूदगी से आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।
वन विभाग की पुष्टि
बालोद वनमंडल के अनुसार, सुबह 8:45 बजे एक दंतेल हाथी कक्ष क्रमांक RF-143 में देखा गया। प्रारंभिक जानकारी में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन खेतों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। हाथी नलकसा और कुमुड़कट्टा होते हुए बोइरडीह की ओर बढ़ा और फिलहाल गोटुलमुंडा बैरियर पार कर चुका है।
कई गांवों में अलर्ट जारी
हाथी की मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग ने दल्लीराजहरा परिक्षेत्र के कई गांवों को अलर्ट पर रखा है। इनमें मलकुंवर, आड़ेझर, हिड़कापार, चिखली, जमरूआ, साल्हे, कोकान, टेकाधोड़ा, हाथीगोर्रा, खल्लारी, अड़जाल, पुट्टरवाही, दरुटोला, सिंहनवाही, अरमुरकसा, खम्हरटोला, घोटिया, पटेली और मंगलतराई शामिल हैं।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल की ओर न जाएं, विशेष रूप से रात के समय। साथ ही यदि हाथी दिखाई दे, तो तत्काल नजदीकी वनकर्मी या अधिकारियों को सूचित करें। विभाग लगातार हाथी की निगरानी कर रहा है और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।




