जयपुर। सवाई मान सिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में देर रात ICU वार्ड में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस हादसे में आठ मरीजों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। डॉक्टरों, नर्सों और दमकलकर्मियों की सतर्कता से आग पर काबू पा लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अस्पताल पहुंचे और हालात का आकलन किया।
ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी अनुराग धाकड़ ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की। अधिकांश मरीज पहले से कोमा में थे और सपोर्ट सिस्टम पर निर्भर। आग से निकली जहरीली गैसों ने उनकी हालत और बिगाड़ दी। निचली मंजिल के ICU में स्थानांतरित करने की कोशिश की गई, लेकिन कई को बचाया नहीं जा सका। हताहतों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। कुल 24 मरीजों को बचाया गया, जिनमें 11 ट्रॉमा ICU के और 13 अन्य ICU के थे। पांच मरीज अभी भी गंभीर हैं।
मुख्यमंत्री का तत्काल दौरा
मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने घटना को दुखद बताया। उन्होंने कहा कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की खबर पर मुख्यमंत्री शर्मा तुरंत पहुंचे। कुछ लोगों की जान गई, लेकिन अधिकांश को सुरक्षित निकाल लिया गया। हताहतों की संख्या अस्पताल प्रशासन स्पष्ट करेगा। बचे मरीजों का समुचित इलाज प्राथमिकता रहेगा।
जांच और सुरक्षा समीक्षा शुरू
अस्पताल प्रशासन ने आग की वजह की जांच के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें विस्तृत जांच में लगी हुई हैं। हादसे के बाद पूरे परिसर में सुरक्षा उपायों और अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा चल रही है।




