राजनांदगांव
जिले में पुलिस विभाग द्वारा ‘विजिबल पुलिसिंग’ अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत शहर में रात्रि गश्त करते हुए असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों, शराब तस्करों और वारंटियों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई।
एसपी अंकिता शर्मा के पदभार संभालने के बाद विभाग में निचले स्तर पर कई बदलाव किए गए हैं। कई थानों में पुराने आरक्षकों को हटाकर नए आरक्षकों की तैनाती की गई है, जिससे अपराधों पर नियंत्रण में मदद मिल रही है।
अभियान के संचालन के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में तीन राजपत्रित अधिकारी, छह इंस्पेक्टर और लगभग सौ पुलिस जवानों की चार टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने थाना बसंतपुर और लालबाग क्षेत्र के चिन्हित और संदिग्ध इलाकों में सघन गश्त और दबिश दी।
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस बल ने बसंतपुर क्षेत्र के डबरीपारा, कुआंचौक, नंदई, चौखड़ियापारा, इंदरानगर, बांसपाईपारा, सागरपारा, ब्राम्हणपारा, प्रभातनगर, बंगालीचाल, शिकारीपारा और शिवनगर जैसे स्लम इलाकों का दौरा किया। वहीं, थाना लालबाग क्षेत्र के पेड्री और रेवाडीह में भी गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, स्थायी और गिरफ्तारी वारंटियों के ठिकानों की जांच की गई।
इस कार्रवाई के दौरान कुल 59 गुंडा-बदमाशों की जांच की गई। इनमें से तीन फरार आरोपी, दो स्थायी वारंटी और चार आदतन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार, पुलिस ने कुल नौ बदमाशों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की।




