सिवनी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सिवनी जिले का दौरा किया। अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने जिले को कई विकास कार्यों की सौगातें दीं और जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना की 30वीं किस्त के रूप में 1857 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से बहनों के खातों में ट्रांसफर की।
सीएम ने घोषणा की कि अब से लाड़ली बहनों को हर महीने ₹1500 की राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी पहल है और सरकार इसका दायरा लगातार बढ़ा रही है ताकि हर बहन आत्मनिर्भर बन सके।
Read Also- मध्य प्रदेश में बढ़ी ठंड, 23 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, राजगढ़ सबसे ठंडा, देवास में बदले स्कूलों के समय
किसानों के हित में बोलते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार हर बार धान और गेहूं की एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) में वृद्धि कर रही है। उन्होंने कहा, डंके की चोट पर एमएसपी पर खरीदी जारी रहेगी। हमारी सरकार ने पहले भी धान पर बोनस दिया है और आगे भी किसानों को लाभ मिलता रहेगा।
नक्सलवाद पर कड़ा संदेश देते हुए सीएम ने कहा कि जो नक्सली आत्मसमर्पण नीति नहीं अपनाएंगे, उनका लाल सलाम अब अंतिम सलाम होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मध्यप्रदेश की धरती पर शांति और विकास के मार्ग में बाधा डालने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।




