जम्मू। पुलिस ने जम्मू को दहलाने की साजिश को नाकाम करते हुए संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद (19) को गिरफ्तार किया है। वह मोबाइल फोन के माध्यम से पाकिस्तान और अन्य देशों में बैठे आकाओं से निर्देश प्राप्त कर रहा था। गुरुवार को पुलिस ने उसे छह दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की, जिसके आधार पर शहर में कई स्थानों पर छापेमारी की गई।
पुलिस के अनुसार साजिद रियासी का रहने वाला है। उसके पिता मोहम्मद असलम सीआरपीएफ में पदस्थ हैं और वर्तमान में दिल्ली में तैनात हैं। तीन वर्ष पहले असलम का परिवार जम्मू के बठिंडी में आकर रहने लगा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि साजिद युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित कर रहा था। बुधवार रात करीब 11 बजे सुजवां इलाके में नाके पर जांच के दौरान उसे पकड़ा गया। उसके खिलाफ बाहु फोर्ट थाने में आतंकी गतिविधियों से जुड़े भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
बड़ी वारदात की तैयारी में था साजिद
तफ्तीश में यह स्पष्ट हुआ कि साजिद जम्मू में एक बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। वह पाकिस्तान सहित अन्य देशों के विशिष्ट फोन नंबरों के संपर्क में था। पुलिस जांच कर रही है कि सीमा पार से उसका संपर्क कब से है और उसने किन-किन सूचनाओं का आदान-प्रदान किया है।
कट्टरपंथ फैलाने में सक्रिय था आरोपी
पुलिस के अनुसार साजिद युवाओं को ऑनलाइन माध्यम से कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। उसकी गतिविधियों और संभावित नेटवर्क को समझने के लिए पुलिस ने व्यापक पूछताछ शुरू की है। गुरुवार को रिमांड पर लेने के बाद कई स्थानों पर दबिश देकर सुराग जुटाए गए।
स्थानीय स्तर पर कम संपर्क वाला युवक
रियासी जिले के जेडी पंदाल क्षेत्र में स्थित उसके परिवार के पुराने घर में लोग इस गिरफ्तारी को लेकर चर्चा कर रहे हैं। पड़ोसियों के अनुसार साजिद पढ़ाई में सामान्य था और स्थानीय लोगों से उसका संपर्क बहुत कम रहता था। वह घर कब आया था, इस बारे में भी पड़ोसियों को स्पष्ट जानकारी नहीं है।
पुलिस अब सभी पहलुओं पर जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि साजिद किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था या स्थानीय स्तर पर ही किसी साजिश को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।




