सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के एक प्राइवेट स्कूल में केजी-2 के छात्र को होमवर्क पूरा नहीं करने पर शिक्षिका ने पेड़ से लटका दिया था। इसका वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हाईकोर्ट ने इसे जनहित याचिका मानते हुए संज्ञान में लिया। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद सूरजपुर जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल की मान्यता रद्द कर दी है।
वहीं स्कूल संचालक के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई गई है। हैरत की बात यह है कि सजा देने वाली शिक्षिका खुद नाबालिग है। मामला सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नारायणपुर स्थित हंसवाहिनी विद्या मंदिर का है। 24 नवंबर को होमवर्क पूरा नहीं करने पर केजी-2 के एक छात्र को उसकी ही टी-शर्ट से स्कूल परिसर में पेड़ पर लटका दिया था।
इसका वीडियो वायरल होने के बाद डीईओ अजय कुमार मिश्रा ने जांच के आदेश दिए थे। वहीं हाईकोर्ट ने भी जनहित याचिका मानते हुए मामले को संज्ञान में लिया था। चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा व जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच ने मामले की सुनवाई की। उन्होंने स्कूल शिक्षा सचिव से शपथ पत्र के साथ जवाब मांगा था। डीईओ ने स्कूल पर एक्शन लेते हुए 28 नवंबर को स्कूल की मान्यता रद्द कर दी।




