दुर्ग। सायबर धोखाधड़ी के मामलों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने ठगी के पैसों को रखने और लेनदेन के लिए अपने बैंक खातों को किराए पर देने वाले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भिलाई के खुर्शीपार, सुपेला, सेक्टर 4 और दुर्ग के निवासी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों ने सुपेला स्थित बंधन बैंक शाखा में खाते खोलकर उन्हें म्युल अकाउंट के रूप में किराए पर दे दिया था। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल से मिले अलर्ट में खुलासा हुआ कि सायबर धोखाधड़ी से प्राप्त राशि इन खातों में जमा की जा रही थी। जांच में सामने आया कि करीब 27 खातों में एक करोड़ 20 लाख 57 हजार रुपये की संदिग्ध राशि जमा कराई गई और उसका लेनदेन भी किया गया।
अलर्ट प्राप्त होते ही दुर्ग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी संबंधित खातों को होल्ड पर रखवाया और खाता धारकों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की। पुलिस अब लेनदेन की पूरी श्रृंखला की जांच कर रही है।
गिरफ्तार म्युल अकाउंट धारकों में सुपेला के रावणभाटा निवासी रणजीत महानंद, खुर्शीपार निवासी प्रमिला जंघेल, सेक्टर 32 निवासी आकाश राव, रिसाली सेक्टर निवासी विपिन कुमार सिरसाम, सेक्टर 5 निवासी मानवी बेरी, जुनवानी निवासी आशीष गुप्ता, कोहका निवासी पिंकी कुर्रे और सुपेला निवासी रमाकांत बंसोड़ शामिल हैं।




