रायपुर। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को नई जिम्मेदारी के साथ जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में आज राजीव भवन में जिला अध्यक्षों की पहली बैठक आयोजित की गई है, जिसमें प्रदेशभर से सभी जिला अध्यक्ष शामिल होंगे। हाल ही में पार्टी ने 41 जिलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है।
नए नेतृत्व को संगठनात्मक दिशा, कार्यप्रणाली और आगामी राजनीतिक रणनीति समझाने के लिए इस बैठक को अनिवार्य रखा गया है। बैठक के बाद जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। यह प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण राजनीतिक और संगठनात्मक शिक्षा पर आधारित होगा, जबकि दूसरा चरण रणनीति, प्रबंधन और तकनीकी कौशल पर केंद्रित रहेगा। प्रत्येक दिन 10 से 12 घंटे के गहन सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कांग्रेस की रणनीति स्पष्ट है कि 2028 के चुनाव की तैयारी अभी से शुरू की जाए। पार्टी का मानना है कि भाजपा की मजबूत जमीनी संरचना का मुकाबला करने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठन को सक्रिय और सुदृढ़ बनाना आवश्यक है।




