कवर्धा। कबीरधाम जिले में मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ सीमा से लगे सागोना गांव के पास आज दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोखान गांव निवासी संतराम और स्वात राम एक ही बाइक पर सवार होकर मध्यप्रदेश की ओर जा रहे थे। इसी दौरान छत्तीसगढ़ से मध्यप्रदेश की ओर जा रही एक अन्य बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में मध्यप्रदेश निवासी एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। मृतक का नाम और पता फिलहाल ज्ञात नहीं हो सका है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल पंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। एक घायल का इलाज पंडरिया में जारी है।
सूचना मिलने पर कुकदूर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कुकदूर थाना प्रभारी संग्राम सिंह ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है और तीन लोग घायल हैं। घायलों में दो लोग कवर्धा जिले के लोखान गांव के निवासी हैं, जबकि मृतक और एक घायल मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।




