राजनांदगांव। जिले के चिचोला चौकी क्षेत्र के महाराजपुर स्थित श्री जय गुरुदेव राइस मिल में शनिवार शाम हादसा हुआ है। राइस मिल परिसर में बनी करीब 75 क्विंटल वजनी चिमनी अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ी। हादसे के वक्त चिमनी के आसपास 25 से 30 मजदूर काम कर रहे थे। शाम लगभग 4:30 बजे हुए इस भीषण हादसे में मोतीपुर निवासी मुकेश कुमार कंवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस दुर्घटना में गजानंद और रमेश कुमार कंवर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हालात इतने भयावह थे कि रमेश कंवर का शरीर चिमनी के मलबे और हजारों क्विंटल चावल के नीचे दब गया। रेस्क्यू के दौरान उसका ऊपरी हिस्सा किसी तरह बाहर निकाला गया और उसे गंभीर अवस्था में राजनांदगांव जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि उसका पैर लंबे समय तक चावल और मलबे में दबा रहा।
घटना की सूचना मिलते ही चिचोला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हादसे के वक्त मजदूरों की संख्या थोड़ी और ज्यादा होती, तो मृतकों की संख्या भी बढ़ सकती थी।




