खातेगांव। मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। उनके काफिले में एक युवक के घुसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सोमवार को शिवराज सिंह चौहान खातेगांव विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। इसी दौरान कांग्रेस नेता रोहित बंडावाला अचानक काफिले के सामने पहुंच गए। उन्होंने मंत्री की गाड़ी के सामने सड़क पर बैठकर किसानों की समस्याओं पर बात करने की कोशिश की। ब्लैक शर्ट और चश्मा पहने रोहित बंडावाला मंत्री से सीधे संवाद करना चाहते थे।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि हाल ही में शिवराज सिंह चौहान के भोपाल और दिल्ली स्थित आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई थी। इसके बावजूद काफिले तक पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। घटना के बाद रोहित बंडावाला ने सोशल मीडिया पर अपनी बात साझा की है।




