गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के सिरसिया गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पत्नी की विदाई न होने से नाराज एक पति जेसीबी मशीन लेकर ससुराल पहुंच गया और घर की चारदीवारी गिरानी शुरू कर दी। गुस्से में आरोपी घर को पूरी तरह जमींदोज करने की तैयारी में था, लेकिन ग्रामीणों के पहुंचते ही वह जेसीबी लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता ने जमुआ थाना में लिखित आवेदन देकर अपने पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी खुद जेसीबी चलाते हुए ससुराल पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के घर की चारदीवारी पर मशीन चला दी। कुछ ही देर में चारदीवारी पूरी तरह ध्वस्त हो गई। इसके बाद वह मकान गिराने के लिए आगे बढ़ा, तभी शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के विरोध और भीड़ बढ़ती देख आरोपी वहां से भाग निकला।
जानकारी के मुताबिक, विवाहिता की शादी वर्ष 2021 में गादी चूगलो गांव निवासी पिंटू मंडल से हुई थी। पति का आरोप है कि काम के समय उसकी पत्नी मायके चली जाती है और सास-ससुर भी उसे वापस भेजने के बजाय समर्थन करते हैं। कई बार विदाई कराने की कोशिश के बावजूद पत्नी लौटने को तैयार नहीं हुई और बच्चों को भी उसके पास नहीं भेजा गया। इसी नाराजगी में उसने यह कदम उठाया।
वहीं, पत्नी उर्मिला देवी ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि उसका पति रोज शराब पीकर घर आता है और उसके साथ मारपीट करता है। ससुराल पक्ष भी उसे प्रताड़ित करता है, जिसके चलते वह मायके में रहने को मजबूर है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।




