टोंक। राजस्थान के टोंक जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त करने का दावा किया है। यह कार्रवाई बुधवार को जिला विशेष टीम (डीएसटी) की सूचना पर बरौनी थाना क्षेत्र में की गई।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने बताया कि बूंदी की ओर से टोंक आ रही एक संदिग्ध गाड़ी को रोका गया, जिसकी तलाशी के दौरान 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट, 200 जिलेटिन छड़ें और 6 बंडल वायर बरामद किए गए। प्रत्येक बंडल में लगभग 183 मीटर वायर पाई गई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह विस्फोटक सामग्री अवैध खनन के लिए बूंदी जिले से टोंक लाई जा रही थी। सामग्री की सप्लाई कहां की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।
डिप्टी पुलिस अधीक्षक मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इससे पहले किन-किन स्थानों पर इस तरह की सामग्री की आपूर्ति की गई है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में पूर्व में भी कई बार अमोनियम नाइट्रेट और जिलेटिन छड़ों की बरामदगी हो चुकी है, जिनका उपयोग अवैध खनन में किया जाता रहा है। नए साल के मौके पर इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी ने एक बार फिर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




