बीजापुर | बीजापुर जिले के गंगालूर थाना अंतर्गत ग्राम कोरचोली में माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED के विस्फोट से एक नाबालिग ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना 5 जनवरी 2026 की सुबह की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कोरचोली नदीपारा निवासी राम पोटाम पिता स्वर्गीय लच्छु पोटाम (उम्र 15 वर्ष) सुबह के समय लेंड्रा–कोरचोली जंगल क्षेत्र की ओर गया हुआ था। इसी दौरान वह जंगल में पूर्व से लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आ गया। विस्फोट में उसके पैर में गंभीर चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। घायल को तत्काल 222 बटालियन सीआरपीएफ कैम्प कोरचोली में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति गंभीर लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सघन सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है। साथ ही जंगल क्षेत्र में IED निष्क्रियकरण की कार्रवाई भी लगातार जारी है, ताकि भविष्य में किसी और ग्रामीण को नुकसान न पहुंचे।
प्रशासन की अपील
पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल और दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या सामग्री की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या सुरक्षा कैम्प को दें। लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।




